बिहार में बढ़ते अपराध पर चिराग पासवान आगबबूला, नीतीश को लिया आड़े हाथों.

city star news

बिहार में बढ़ते अपराधों को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नीतीश सरकार पर सवाल उठाए हैं. लगातार हो रही हत्याओं और बेकाबू अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाया है. चिराग पासवान ने कहा है कि वे ऐसी सरकार का समर्थन करने में दुखी हैं जहां अपराध बेकाबू हैं

बिहार में दो महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इससे पहले यहां की राजनीति में जमकर उबाल देखने को मिल रहा है. विपक्ष और सरकार एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लगातार हो रहीं क्राइम की घटनाओं को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां अपराध बेकाबू हो गए हैं.

बिहार में पिछले कुछ दिनों से लगातार हत्या की खबरें सामने आ रही हैं. पिछले एक महीने के भीतर 50 से ज्यादा हत्या के मामले सामने आए हैं. दिनदहाड़े गोली चलना और अस्पताल में हुई हत्या ने लोगों को डरा दिया है. यही कारण है कि अब सरकार से सवाल किए जा रहे हैं. सरकार का समर्थन करने वाले राजनीतिक दल भी अब सवाल खड़े कर रहे हैं.

अपराधियों के सामने प्रशासन पूरी तरह नतमस्तक- चिराग बिहार में बढ़ते क्राइम के मामले पर केंद्रीय चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरह से अपराध हो रहे हैं, प्रशासन अपराधियों के सामने पूरी तरह नतमस्तक हो गया है. यह सही है कि इस घटना की निंदा जरूरी है, लेकिन ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं? इस पर बात करना जरूरी है. अपराधों का एक सिलसिला है. अगर यह ऐसे ही चलता रहा, तो स्थिति भयावह हो जाएगी, बल्कि, स्थिति भयावह हो गई है.

ऐसी सरकार का समर्थन करने पर दुख- पासवान

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में रही घटनाओं को लेकर अगर यह कहा जाए कि यह चुनाव के कारण हो रहा है, तो मैं यह भी कह सकता हूं कि ऐसा हो सकता है. यह सरकार को बदनाम करने की साजिश हो सकती है, लेकिन फिर भी, इसे नियंत्रित करना प्रशासन की ज़िम्मेदारी है.

उन्होंने कहा कि इन सबके बीच, मैं सरकार से समय रहते कदम उठाने का अनुरोध करता हूं. मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां अपराध बेकाबू हो गए हैं. ” उन्होंने कहा कि बिहार अब इनके बस में नहीं है. लोग परेशान हो चुके हैं.

चिराग पासवान पिछले कुछ दिनों से लगातार सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं. इससे पहले चिराग की पार्टी के अन्य सांसदों ने भी कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा और यूपी की योगी सरकार से सीख लेने की बात कही थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *