खेड़ा | गुजरात
खेड़ा रेलवे स्टेशन पर करीब 4 करोड़ रुपये के सोने की लूट के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस, पश्चिम रेलवे जीआरपी और विरमगाम टाउन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया करीब 2 किलो 90 ग्राम सोना बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वारदात शाम करीब 5 बजे खेड़ा रेलवे स्टेशन पर हुई थी। घटना के बाद पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और उनकी कार की तस्वीर भी खींच ली। इसके बाद जीआरपी खेड़ा ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्ध टाटा टियागो कार की जानकारी स्टेट कंट्रोल रूम को भेजी गई। शाम करीब साढ़े सात बजे सूचना अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल रूट मैपिंग शुरू कर दी।
कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर के एसडीआर की जांच से पुलिस को आरोपियों के बनासकांठा कनेक्शन का पता चला। वहीं एलसीबी के हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्रसिंह ने अपने मुखबिर नेटवर्क के जरिए टियागो कार की लोकेशन ट्रेस कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि टाटा टियागो के पीछे बिना नंबर प्लेट की मारुति बलेनो कार चल रही थी। आरोपियों के संभावित रूट को देखते हुए साचाणा और विरमगाम की दिशा में नाकाबंदी की गई।
विरमगाम टाउन में प्रवेश से पहले एलसीबी और विरमगाम पुलिस की टीम ने सड़क पर ट्रक और अन्य वाहनों को आड़ा लगाकर रास्ता रोक दिया। पुलिस ने बलेनो कार में सवार एक आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि लूटा गया सोना लेकर तीन अन्य आरोपी टाटा टियागो कार में आगे निकल चुके हैं।
इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की मदद से टियागो कार में सवार आरोपियों की लोकेशन हासिल की और उन्हें उसी दिशा में बुलाया गया। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचे, पीआई एस.ए. गढ़वी, पीआई परेशा जानी, एलसीबी और विरमगाम टाउन पुलिस की टीम ने टियागो कार को घेर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान टियागो कार ने पीआई एस.ए. गढ़वी की गाड़ी को टक्कर मार दी। आरोपियों ने कार को रिवर्स में भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान पीआई गढ़वी ने चलती कार का दरवाजा पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें करीब 500 मीटर तक घसीटा। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और चलती कार का दरवाजा खोलकर स्टीयरिंग पर नियंत्रण हासिल किया तथा इमरजेंसी हैंडब्रेक खींचकर कार को रोक दिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने टियागो कार में सवार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी खेतों की तरफ भाग गया था, लेकिन पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मारुति बलेनो कार की सीट के कवर के अंदर छिपाकर रखा करीब 2 किलो 90 ग्राम सोना बरामद हुआ। पुलिस ने लूट का 100 फीसदी मुद्देमाल बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल टाटा टियागो और मारुति बलेनो दोनों कारों को जब्त कर लिया।
इस पूरे ऑपरेशन में अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की एलसीबी, पश्चिम रेलवे पुलिस और विरमगाम टाउन पुलिस की टीम शामिल रही। एलसीबी पीआई रघु करमटिया, पीआई एस.ए. गढ़वी, पीआई परेशा जानी और पूरी पुलिस टीम के रूट मैपिंग, नाकाबंदी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के तालमेल से मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा हुआ।
ऑपरेशन के दौरान पीआई एस.ए. गढ़वी द्वारा दिखाई गई तत्परता और साहस की भी चर्चा हो रही है। नायब मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सफल ऑपरेशन के लिए पुलिस टीम को बधाई दी है।
रिपोर्ट: गुजरात हेड प्रणव पटेल
City Star News

જોરદાર 🧡