₹25 करोड़ की लागत से बने ‘सहकार भवन’ का अमित शाह ने किया वर्चुअल लोकार्पण.

₹25 करोड़ की लागत से बने ‘सहकार भवन’ का अमित शाह ने किया वर्चुअल लोकार्पण’

रिपोर्ट : प्रणव पटेल, गुजरात हेड

जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक का नया भवन किसानों और ग्रामीण समुदाय के आर्थिक उत्थान का बनेगा केंद्र

जामनगर, गुजरात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को साकार करने की दिशा में जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के मुख्यालय में नवनिर्मित ‘सहकार भवन’ का मंगलवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। करीब ₹25 करोड़ की अनुमानित लागत से 25,000 वर्ग फुट क्षेत्र में निर्मित यह आधुनिक भवन बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ किसानों और ग्रामीण समुदाय के लिए कई विशेष सुविधाओं से सुसज्जित है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सहकारिता क्षेत्र में किए गए विभिन्न क्रांतिकारी सुधारों से ग्रामीण सहकारी क्षेत्र अधिक सक्षम, पारदर्शी और समृद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक का नवनिर्मित ‘सहकार भवन’ प्रधानमंत्री के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अमित शाह ने कहा कि यह आधुनिक भवन केवल एक इमारत नहीं है, बल्कि पूरे हालार क्षेत्र के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण समुदाय के आर्थिक उत्थान का केंद्र बनने जा रहा है। उन्होंने बैंक के चेयरमैन जीतूभाई लाल और पूरे निदेशक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी सहकारी बैंक को मजबूत बनाने के लिए उसे आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) के निर्धारित मानकों के अनुरूप आधुनिक तकनीक आधारित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बैंक के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1959 में महज ₹2.5 लाख की छोटी जमा राशि से शुरू हुआ यह बैंक आज ₹2,154 करोड़ से अधिक का वार्षिक कारोबार कर रहा है। यह सहकारी क्षेत्र की शक्ति और आम लोगों के बैंक के प्रति विश्वास का जीवंत उदाहरण है।

वर्तमान में बैंक की 40 शाखाएं संचालित हो रही हैं। अमित शाह ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बैंक जामनगर जिले के प्रत्येक गांव तक अपनी पहुंच बनाएगा और सहकारी मंडलियों एवं संस्थाओं को जोड़कर सहकारिता क्षेत्र को और अधिक व्यापक एवं मजबूत बनाएगा।

‘छोटे लोगों का बड़ा बैंक’ है सहकारी बैंक : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

कार्यक्रम में गांधीनगर से वर्चुअल रूप से जुड़े गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि अलग सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश का सहकारी क्षेत्र अधिक मजबूत और पारदर्शी हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी बैंक ‘छोटे लोगों का बड़ा बैंक’ है। सेवा मंडलियों, क्रेडिट मंडलियों और महिला मंडलियों के माध्यम से गरीब, पिछड़े वर्ग, श्रमिकों और किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि माइक्रो एटीएम, बैंक मित्र और डिजिटल बैंकिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ी है और लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बैंक द्वारा दिए गए कुल ऋण में से लगभग 97 प्रतिशत ऋण कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों को दिया गया है। वहीं, बैंक का नेट एनपीए शून्य प्रतिशत होना बैंक के प्रभावी ऋण प्रबंधन और ग्राहकों के भरोसे को दर्शाता है।

सहकारिता क्षेत्र में डिजिटल बदलाव पर जोर

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में महत्वपूर्ण और दूरगामी निर्णय लिए गए हैं। गांव-गांव में सहकारी मंडलियों के डिजिटलीकरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को ₹11,500 करोड़ से अधिक की सहायता वितरित की गई है। साथ ही, समर्थन मूल्य पर पर्याप्त खरीद के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

किसानों के लिए विशेष सुविधाओं से सुसज्जित है ‘सहकार भवन’

करीब ₹25 करोड़ की लागत से निर्मित नवनिर्मित ‘सहकार भवन’ में बैंकिंग विभाग की आधुनिक सुविधाओं के साथ मीटिंग एवं ट्रेनिंग रूम, कॉन्फ्रेंस रूम, किसानों के लिए विशेष डॉरमेट्री रेस्ट रूम, रसोई, डाइनिंग हॉल और किसान छात्रालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री जीतूभाई वाघाणी, सांसद पूनमबेन माडम, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक राघवजीभाई पटेल, विधायक मुळुभाई बेरा, गुजरात स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन अजयभाई पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।

दी जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन जीतूभाई लाल ने स्वागत भाषण में बैंक की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी, जबकि मौलिक हाथी ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में शिक्षा राज्य मंत्री रीवाबा जाडेजा, महापौर मोनिकाबेन व्यास, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजनबेन जीवाणी, जिला कलेक्टर पी.बी. पंड्या, मनपा आयुक्त, जिला विकास अधिकारी सुनीशा, डिस्ट्रिक्ट बैंक के प्रबंध निदेशक धरमशीभाई चनियारा, विधायक दिव्येशभाई अकबरी एवं मेघजीभाई चावड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान, सहकारी क्षेत्र के प्रतिनिधि और नगरजन मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *