गुजरात में औद्योगिक विकास को बूस्टर डोज: 2,999 करोड़ रुपए से अधिक के औद्योगिक प्रोजेक्ट्स को मिली हरी झंडी.

रिपोर्ट:प्रणव पटेल (गांधीनगर गुजरात)
उप मुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली.
इस नीति के अंतर्गत अब तक समग्र गुजरात में 1,48,336 करोड़ रुपए के निवेश को आकर्षित किया गया है तथा 1.65 लाख प्रत्यक्ष रोजगार का सृजन हुआ है.
गांधीनगर, 27 जुलाई : मैन्युफैक्चरिंग, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास और रोजगार सृजन पर ध्यान केन्द्रित करते हुए गुजरात सरकार ने सोमवार को विभिन्न प्रोत्साहक योजनाओं के अंतर्गत 2,999 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश वाले औद्योगिक प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है।

उप मुख्यमंत्री एवं उद्योग मंत्री श्री हर्ष संघवी की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समितियों की श्रृंखलाबद्ध बैठकों के दौरान इन प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दी गई।
औद्योगिक नीति-2015 से निवेश एवं रोजगार को गति

गुजरात को सामाजिक-आर्थिक विकास का प्रकाशस्तंभ तथा विश्व के सबसे आकर्षक निवेश स्थलों में से एक बनाने के विजन के साथ औद्योगिक नीति-2015 अंतर्गत ‘इंसेंटिव टू इंडस्ट्रीज’ योजना शुरू की गई थी। इस योजना अंतर्गत राज्य में स्थापित पात्र उद्योगों को नेट एसजीएसटी रिफंड/सहायता दी जाती है।
इस नीति ने अब तक समग्र गुजरात में 1,48,336.35 करोड़ रुपए के निवेश को आकर्षित किया है और 1,65,053 प्रत्यक्ष रोजगार का सृजन किया है। इन निवेशों ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमईस) के विकास को भी तेज बनाया है, जिससे राज्य में उद्योग-अनुकूल इकोसिस्टम तैयार हुआ है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित कर तथा नए औद्योगिक प्रोजेक्ट्स को प्रोत्साहित कर गुजरात को एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में अग्रसर बनाना है।
32 बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स को मंजूरी
उप मुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी की अध्यक्षता में सोमवार को बड़े उद्योगों को ‘फाइनल एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट’ प्रदान करने के लिए समिति की बैठक आयोजित हुई।
समिति ने 1,977.04 करोड़ रुपए के कुल पूंजी निवेश वाले 32 आवेदनों को मंजूरी दी, जिससे लगभग 4,739 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
जिलेवार स्वीकृत निवेश
• अहमदाबाद : ऑटोमोबाइल, मेटल, सीमेंट एवं कंक्रीट क्षेत्र में 528.49 करोड़ रुपए
• कच्छ : मेटल क्षेत्र में 332.71 करोड़ रुपए
• गांधीनगर : मेटल सेक्टर में 35.41 करोड़ रुपए
• भरूच : मेटल सेक्टर में 12.26 करोड़ रुपए
• मेहसाणा : प्लास्टिक एवं मेटल क्षेत्र में 301.16 करोड़ रुपए
• मोरबी : सिरेमिक, केमिकल, पेपर तथा प्लास्टिक सेक्टर में 480.16 करोड़ रुपए
• वडोदरा : केमिकल क्षेत्र में 102.94 करोड़ रुपए
• साबरकाँठा : सिरेमिक क्षेत्र में 110.42 करोड़ रुपए
• सूरत : टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल तथा मेटल सेक्टर्स में 74.49 करोड़ रुपए
कैपिटल सब्सिडी योजना अंतर्गत 649.23 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट मंजूर
बड़े उद्योगों तथा थ्रस्ट सेक्टर योजना के लिए कैपिटल सब्सिडी अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर विचार करने के लिए भी समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति ने 649.23 करोड़ रुपए के निवेश वाले एक प्रोजेक्ट को मंजूरी दी, जिससे लगभग 871 प्रत्यक्ष रोजगार का सृजन होगा। यह प्रोजेक्ट गुजरात के औद्योगिक इकोसिस्टम को और अधिक मजबूत करेगा तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार में वृद्धि करेगा।
टेक्सटाइल योजना अंतर्गत 3 इकाइयों को मंजूरी
‘टेक्सटाइल वैल्यू चेन में निश्चित क्षेत्रों को सुदृढ़ करने के लिए सहायता योजना-2019’ अंतर्गत उप मुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एम्पावर्ड समिति की सातवीं बैठक आयोजित हुई।
समिति ने 3 टेक्सटाइल इकाइयों के लिए सहायता को मंजूरी दी, जो कुल 165 करोड़ रुपए का निवेश लाएंगी तथा लगभग 500 प्रत्यक्ष रोजगार का सृजन करेंगी। इस योजना अंतर्गत पात्र इकाइयों को ब्याज सहायता तथा पावर टैरिफ सहायता मिलती है। सरकार ने बताया कि इन तीनों इकाइयों को आगामी पाँच वर्षों में 50 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता मिलेगी।
4 इंडस्ट्रियल पार्क प्रोजेक्ट्स को मिली हरी झंडी
इसके अतिरिक्त; ‘गुजरात औद्योगिक नीति-2020’ के अंतर्गत राज्य सरकार ने ‘औद्योगिक पार्क सहायता योजना’ के तहत 4 प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इंडस्ट्रियल पार्कों के विकास के लिए इन प्रोजेक्ट्स में कुल 371.70 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश होगा, जो गुजरात का औद्योगिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और अधिक मजबूत करेगा।
इस बैठक में उद्योग राज्य मंत्री श्री डॉ. जयरामभाई गामित, अपर मुख्य सचिव श्रीमती जयंती रवि, श्री टी. नटराजन, श्रीमती ममता वर्मा सहित वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तथा गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री संदीप इंजीनियर उपस्थित रहे।
