राज्य पुलिस प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक,

रिपोर्ट: प्रणव पटेल (गुजरात)
राज्य के पुलिस प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में आज पुलिस भवन से सभी पुलिस कमिश्नर, जिला पुलिस अधीक्षक, रेंज प्रमुखों तथा SRP ग्रुप के कमांडेंट के साथ एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की गई।
इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मुख्य रूप से राज्य में कानून-व्यवस्था की समग्र स्थिति की गहन समीक्षा की गई। राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का माहौल कायम रहे, इसके लिए सभी पुलिस अधिकारियों को लगातार सतर्क और विजिलेंट रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरकारी संपत्तियों और सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इसके अलावा, वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया पर अफवाहों और AI से बनाए गए फेक वीडियो वायरल न हों, इसके लिए साइबर मॉनिटरिंग को और अधिक मजबूत एवं सघन बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में दूसरा प्रमुख मुद्दा दक्षिण गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश और उससे उत्पन्न स्थिति की समीक्षा का रहा। दक्षिण गुजरात के प्रभावित जिलों में निचले इलाकों से लोगों के सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरण, राहत एवं बचाव कार्य तथा आपदा प्रबंधन के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए।
भारी बारिश के बीच नागरिकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा आपातकालीन सेवाएं बाधित न हों, इसके लिए SRP की टीमों और स्थानीय पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।
रिपोर्ट: प्रणव पटेल
