संस्कारी नगरी वडोदरा में 80वें स्वतंत्रता पर्व का जिलास्तरीय गौरवपूर्ण आयोजन हुआ.

संस्कारी नगरी वडोदरा में 80वें स्वतंत्रता पर्व का जिलास्तरीय गौरवपूर्ण आयोजन हुआ.
City Star News : Pranav Patel Gujarat
उप मुख्यमंत्री  हर्ष संघवी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मांजलपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में किया ध्वजारोहण.
वडोदरा जिले में विशिष्ट कार्य करने वाले कुल 56 कर्मचारियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित.
 
उप मुख्यमंत्री  हर्ष संघवी
80वाँ स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं है। यह पर्व विकसित भारत 2047 के लिए आगामी 20 वर्षों की योजना की एक महान प्रेरणा है
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता से पानी की समस्या अतीत बन गई है। गुजरात में जल-संचय अभियान से बड़ी क्रांति आई है.
गुजरात आज उद्योग, निवेश एवं रोजगार के क्षेत्र में देश में रोल मॉडल है। सरकार ने पिछले 5 वर्षों में 7,403 मेगा रोजगार भर्ती मेलों का आयोजन कर 6.54 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किया.
गायकवाड शासन सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की पाठशाला था। संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिभा को महाराजा ने पहचाना और उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी, जिसका लाभ आजाद भारत को मिला.
 
गांधीनगर, 15 अगस्त  उप मुख्यमंत्री  हर्ष संघवी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वडोदरा जिले के मांजलपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी। राष्ट्रध्वज फहराने के बाद उप मुख्यमंत्री  हर्ष संघवी ने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनका अभिवादन स्वीकार किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री  हर्ष संघवी ने 80वें स्वतंत्रता पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमारे देश की आजादी को 100 वर्ष पूर्ण होने में अब केवल 20 वर्ष बाकी हैं। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने पाँच वर्ष पहले ‘विकसित भारत@2047’ का लक्ष्य दिया था।
 
इस भव्य लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमारे पास अब केवल दो दशक हैं। इसलिए यह 80वाँ स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं है। यह पर्व आगामी 20 वर्षों की योजना के लिए एक महान प्रेरणा है।
 
देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को याद करते हुए उन्होंने आगे कहा कि गुजरात के दो महान सपूतों का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है। ये दो विरल सपूत हैं; महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल। ये दोनों आजादी की लड़ाई के विजनरी लीडर थे। उन्होंने आजादी की लड़ाई को एक नई और निश्चित दिशा दी थी।
 
आजादी के संग्राम में गायकवाड शासन और वडोदरा नगरी के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि गायकवाड़ शासन सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की पाठशाला था। संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिभा को महाराजा ने पहचाना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी, जिसका लाभ आजाद भारत को मिला। भारत के संविधान के निर्माण और समानता के अधिकारों की जड़ें वडोदरा की इस ‘संकल्प भूमि’ में हैं।
 
समृद्ध गुजरात, विकसित गुजरात के लिए राज्य सरकार सदैव कार्यरत है। हमारी सरकार आदिवासियों से लेकर शहरी नागरिकों तक, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के कल्याण के लिए कटिबद्ध है।
 
संघवी ने कहा कि वडोदरा जिले के प्रत्येक गाँव तक विकास के लाभ पहुँचे हैं। 15वें वित्त आयोग अंतर्गत वडोदरा जिले को 479 करोड़ रुपए की ग्रांट मिली है।
 
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय लोग सुरक्षित रहें; इसकी भी सरकार ने चिंता की है। संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों के लिए पाँच शेल्टर होम मंजूर किए गए हैं। प्राकृतिक आपदाओं के समय सरकार ने किसानों की विशेष चिंता की है। पिछले 10 वर्षों में 1.36 करोड़ किसानों को सरकार ने राहत राशि का भुगतान किया है।
 
उन्होंने आगे कहा कि ‘पीएम किसान योजना’ में राज्य के 69.25 लाख से अधिक किसान परिवारों को लाभ मिला है। वडोदरा जिले में प्राकृतिक खेती करने वाले 1,810 किसानों को आर्थिक सहायता मिलने से 308 मॉडल फार्म भी बनाए गए हैं।
 
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र की दूरदर्शिता से पानी की समस्या अतीत बन गई है। गुजरात में जल-संचय अभियान से बड़ी क्रांति आई है। वडोदरा में बाढ़ नियंत्रण और जल-संचय के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं। विश्वामित्री नदी में 29.27 लाख घनमीटर डिसिल्टिंग का कार्य पूरा किया गया है। बाढ़ राहत के लिए विश्वामित्री पर 13 और सूर्य नदी पर 5 चेकडैम बनाए गए हैं। देणा में विश्वामित्री-सूर्या के संगम पर 25 करोड़ लीटर क्षमता वाली बफर झील तैयार की गई है। जल शक्ति अभियान के तहत 2500 से अधिक जल-संचय के कार्य किए गए हैं। किसानों की समृद्धि के लिए सिंचाई योजनाओं को गति दी गई है। इसमें 650 करोड़ रुपए की तापी-करजण लिंक पाइपलाइन योजना शुरू की गई है।
 
उन्होंने कहा कि आदिजाति जनजातीय उत्थान अंतर्गत वडोदरा और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों के लिए नए 3 सरकारी छात्रावास बनाए जाएँगे तथा पुराने छात्रावासों की क्षमता बढ़ाई गई है।
 
उन्होंने आगे कहा कि गुजरात आज उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में देश में रोल मॉडल है। सरकार युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लिए लगातार कार्यरत है। वर्ष 2025-26 में 1,333 भर्ती मेलों का आयोजन कर 1,15,774 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। पिछले 5 वर्षों में 7,403 मेगा रोजगार भर्ती मेलों का आयोजन कर 6.54 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है।
 
उन्होंने युवाओं का विशेष उल्लेख करते हुए अनुरोध किया कि आज के समय की मांग शहादत नहीं, सहयोग है। आजादी मिली है, इसलिए एक सच्चे भारतीय के रूप में हम देश की प्रगति में सहयोगी बनें, यही आज के समय की माँग है। उन्होंने अपने मन से किसी भी प्रकार के भेदभाव और विवाद के बिना ईमानदारी से जिम्मेदारियाँ निभाने का अनुरोध किया। साथ ही युवाओं से किसी भी प्रकार के दुर्व्यसन और नशे की फैशन से मुक्त रहने का आग्रह किया।
 
अंत में उन्होंने सामाजिक समरसता बनाए रखने और सोशल मीडिया के उपयोग के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाने वाले युवाओं की सराहना की।
 
स्वतंत्रता पर्व के जिलास्तरीय आयोजन के प्रारंभ में उप मुख्यमंत्री के आगमन पर पुलिस आयुक्त  नरसिम्हा कोमार एवं जिला कलेक्टर डॉ. अनिल धामेलिया उन्हें पोडियम की ओर ले गए। संबोधन के बाद उप मुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर परेड ग्राउंड में उपस्थित नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया।
 
स्वतंत्रता पर्व के जिलास्तरीय आयोजन के अवसर पर वडोदरा जिले में विशिष्ट कार्य करने वाले कुल 56 कर्मचारियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
 
राष्ट्रीय पर्व के इस शानदार आयोजन में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पुलिस जवानों द्वारा अनुशासित परेड प्रस्तुत की गई। जिसे देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए। परेड में पुलिस सहित कुल 19 प्लाटून के कर्मचारी जवानों ने भाग लिया।
 
कार्यक्रम के अंत में ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अंतर्गत उप मुख्यमंत्री सहित महानुभावों ने परिसर में वृक्षारोपण किया।
 
स्वतंत्रता पर्व के इस जिलास्तरीय समारोह में सचेतक  बालकृष्णभाई शुक्ल, सांसद डॉ. हेमांग जोशी, विधायक  केयूरभाई रोकडिया,  चैतन्यभाई देसाई  सतीशभाई पटेल, अग्रणी  जयप्रकाश सोनी, डॉ. विजय शाह, संयुक्त पुलिस आयुक्त नीलेश जाजडिया, उपायुक्त पुलिस  अभिषेक गुप्ता, अधिकारी एवं पदाधिकारी, वडोदरा शहरतथा  जिले के नागरिक सहभागी हुए।

One thought on “संस्कारी नगरी वडोदरा में 80वें स्वतंत्रता पर्व का जिलास्तरीय गौरवपूर्ण आयोजन हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »