दाहोद में 3 दिवसीय ‘फ्यूचर यूथ लीडरशिप बूटकैंप’ का आयोजन, युवाओं को नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के लिए किया गया प्रेरित.

रिपोर्ट: प्रणव पटेल (गुजरात)
दाहोद। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत दाहोद द्वारा युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नागरिक जागरूकता और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 29 से 31 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय ‘फ्यूचर यूथ लीडरशिप बूटकैंप’ का आयोजन किया जा रहा है।
यह विशेष प्रशिक्षण शिविर आणंद कृषि विश्वविद्यालय के अधीन पॉलिटेक्निक इन एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग, मुवालिया फार्म, दाहोद के परिसर में आयोजित किया गया है। बूटकैंप का उद्देश्य जिले के युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने, प्रभावशाली संवाद कौशल और टीमवर्क जैसे महत्वपूर्ण गुणों से सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत @2047 के संकल्प से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
बूटकैंप में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी वक्ताओं, मेंटर्स और विषय विशेषज्ञों द्वारा युवाओं के साथ संवाद एवं व्यावहारिक कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों, सुशासन, सामुदायिक सेवा और राष्ट्रीय सेवा से जुड़ी गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।

इस अवसर पर विधायक कन्हैयालाल किशोरी, मुकेश लबाना, जिला युवा अधिकारी कुमारी स्नेहा प्रजापत, डॉ. एफ. जी. सैयद, डॉ. सचिन चीचोलकर, अमित कुमार, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
यह तीन दिवसीय बूटकैंप जिले के उत्साही युवाओं को एक मंच पर जोड़कर उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन जिला युवा अधिकारी कुमारी स्नेहा प्रजापत के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
रिपोर्ट: प्रणव पटेल
