उमरगाम में बारिश से तबाही का जायजा लेने पहुंचे उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, प्रभावितों से की मुलाकात,  

उमरगाम में बारिश से तबाही का जायजा लेने पहुंचे उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, प्रभावितों से की मुलाकात,  
रिपोर्ट: प्रणव पटेल, गुजरात
 भिलाड़, सातनाला और घोड़ीपाड़ा समेत प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण; अधिकारियों को जल्द सर्वे पूरा कर पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता देने के निर्देश
 
वलसाड/उमरगाम। वलसाड जिले में मानसून के दौरान हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिले के इतिहास में मानसून के दौरान एक ही दिन में रिकॉर्ड 42.56 इंच बारिश दर्ज होने के बाद उमरगाम तहसील के कई गांव बाढ़ और जलभराव से प्रभावित हुए हैं। हालात का जायजा लेने के लिए राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी शुक्रवार को उमरगाम तहसील के प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे।
 
दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से सर्वे पूरा करने और पात्र प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
 
उपमुख्यमंत्री ने उमरगाम विधायक रमणलाल पाटकर और पारडी प्रांत अधिकारी निर्व पटेल से तहसील में बारिश से उत्पन्न स्थिति और नुकसान की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने भिलाड़, सातनाला और घोड़ीपाड़ा सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
 
इस दौरान हर्ष संघवी ने प्रभावित लोगों से संवेदनापूर्वक बातचीत करते हुए बाढ़ और बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत एवं सहायता कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और प्रभावित परिवारों तक सरकारी सहायता जल्द से जल्द पहुंचाई जाए।
 
उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि किसानों, पशुपालकों और बारिश से प्रभावित अन्य परिवारों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत नियमानुसार उचित और समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
 
उपमुख्यमंत्री के दौरे के दौरान वलसाड-डांग लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं लोकसभा सचेतक धवलभाई पटेल, जिला संगठन अध्यक्ष हेमंतभाई कंसारा सहित कई जनप्रतिनिधि, अग्रणी नेता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *