रक्षाबंधन पर अब डिज़ाइनर कवर और गिफ्ट बॉक्स में देश-विदेश भेजी जा सकेगी राखी,

रक्षाबंधन पर अब डिज़ाइनर कवर और गिफ्ट बॉक्स में देश-विदेश भेजी जा सकेगी राखी, भारतीय डाक विभाग की विशेष पहल

अहमदाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने बहनों के लिए विशेष सुविधा शुरू की है। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने आकर्षक डिज़ाइन वाले राखी कवर और राखी गिफ्ट बॉक्स का शुभारंभ किया। अब बहनें इन विशेष वॉटर-रेज़िस्टेंट कवर और गिफ्ट बॉक्स के माध्यम से देश-विदेश में अपने भाइयों को सुरक्षित और समय पर राखी भेज सकेंगी।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि यह विशेष राखी कवर उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के अंतर्गत अहमदाबाद, गांधीनगर, मेहसाणा, अरवल्ली, साबरकांठा, बनासकांठा और पाटन जिले के सभी हेड पोस्ट ऑफिस, सब पोस्ट ऑफिस तथा ग्रामीण शाखा डाकघरों में उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा रेलवे मेल सर्विस (RMS) के काउंटरों पर भी इनकी बिक्री की जाएगी।

तीन आकर्षक डिज़ाइन में उपलब्ध यह 11 सेमी × 22 सेमी आकार का राखी कवर वॉटर-रेज़िस्टेंट है, जिससे बारिश के दौरान भी राखी सुरक्षित रहेगी। इसकी कीमत ₹10 (डाक शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित की गई है।

इसके साथ ही भारतीय डाक विभाग ने 250 ग्राम, 500 ग्राम और 1 किलोग्राम क्षमता वाले तीन प्रकार के आकर्षक राखी गिफ्ट बॉक्स भी उपलब्ध कराए हैं। इनकी कीमत क्रमशः ₹35, ₹40 और ₹50 रखी गई है। इन गिफ्ट बॉक्स के माध्यम से राखी के साथ मिठाई, उपहार और अन्य सामग्री भी देश एवं विदेश में भारतीय डाक पार्सल सेवा द्वारा भेजी जा सकेगी।

राखी कवर और गिफ्ट बॉक्स पर भारतीय डाक का लोगो तथा रक्षाबंधन की पारंपरिक भावना को दर्शाते हुए राखी, पूजा की थाली, पुष्प और भाई-बहन के स्नेहपूर्ण रिश्ते का सुंदर चित्रण किया गया है। रंगीन और आकर्षक डिज़ाइन के कारण इनकी पहचान अन्य डाक सामग्री से आसानी से हो सकेगी, जिससे सॉर्टिंग और समय पर वितरण में भी सुविधा मिलेगी।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि राखी डाक की तेज़ प्रोसेसिंग के लिए नेशनल सॉर्टिंग हब और पार्सल हब में विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सेवा के माध्यम से विदेशों में भी किफायती दरों पर राखी भेजने की सुविधा उपलब्ध है।

रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों की सुविधा के लिए अहमदाबाद के शाहीबाग स्थित स्पीड पोस्ट भवन के नेशनल सॉर्टिंग हब, मणिनगर रेलवे स्टेशन, नवरंगपुरा हेड पोस्ट ऑफिस, हिम्मतनगर, मेहसाणा तथा गुजरात के राजकोट, सूरत और वडोदरा स्थित रेलवे मेल सर्विस काउंटरों पर 24 घंटे डाक बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त अहमदाबाद जीपीओ, बिज़नेस डेवलपमेंट सेल, माणेकबाग पोस्ट ऑफिस, रेलवेपुरा पोस्ट ऑफिस, डीसा, पालनपुर, गांधीनगर, कलोल और पाटन हेड पोस्ट ऑफिस में रात 8 बजे तक डाक बुकिंग की सुविधा दी जाएगी।

भारतीय डाक विभाग की इस पहल से रक्षाबंधन पर बहनों के लिए अपने भाइयों तक राखी सुरक्षित, आकर्षक और समय पर पहुंचाना पहले से अधिक आसान हो जाएगा।

रिपोर्ट : प्रणव पटेल, गुजरात हेड
City Star News

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *